Friday, 29 June 2012

RED MEAT IS HARMFUL

रेड मीट चुराए जिंदगी के साल
 

रेड मीट चुराए जिंदगी के साल
सभ्य होने के साथ ही मनुष्य ने यह जान-समझ लिया था कि खान-पान और स्वास्थ्य के बीच चोली-दामन का साथ है। लेकिन यह विषय इतना गूढ़ है कि उसके अनगिनत रहस्य आज भी अबूझ बने हुए हैं। बेशक इसीलिए डॉक्टर, वैद्य, आहारविद्, बायोकेमिस्ट, नेचरोपैथ आज भी हितकारी भोजन के गुणों को तलाशने में जुटे हुए हैं। वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर डॉक्टर नित्य नई-नई जानकारियों का खुलासा करते हैं, जिन्हें सोच-समझकर अपने जीवन में गूंथ लेना हमारा धर्म है।

अब हार्वर्ड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ ने 37,698 डॉक्टरों और 83,694 नर्सों पर क्रमश: 22 और 28 साल तक अध्ययन करने के बाद यह महत्वपूर्ण चेतावनी दी है कि रेड मीट न सिर्फ दिल के लिए, बल्कि समूची रक्त संचार प्रणाली के लिए नुकसानदेह है। उसे नियमित ग्रहण करने वालों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी घातक बीमारियां पैदा होने की दर कई गुना बढ़ जाती है। यह कैंसर को भी बढ़ावा देता है। आंकड़ों का विश्लेषण करने पर डॉ. एन पैन और उनके सहयोगियों ने पाया कि रेड मीट की लत आदमी की उम्र भी घटाती है।

रेड मीट सेहत के लिए क्यों और कैसे नुकसानदेह है, इस बाबत भी जांच-पड़ताल की गई है। पता चला है कि उसे रोज ग्रहण करने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल के नुकसानदेह घटक बढ़ते हैं और चर्बी जमने से धमनियां संकरी पड़ जाती हैं तथा उनमें खून का दौरा सुस्त पड़ जाता है। रेड मीट में पाया जाने वाला हीम-आयरन सीधे भी दिल के दौरे को न्यौता देता है। पकाते वक्त चूंकि रेड मीट को देर तक उच्च तापमान पर रखना पड़ता है, इससे उसमें ऐसे जैव-रसायन भी पैदा हो जाते हैं, जो कैंसर-कारक होते हैं।

वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर आप अपनी खैरियत चाहते हैं तो बेहतरी इसी में है कि रेड मीट को तिलांजलि देकर शाकाहार के प्रति प्रेम पैदा करें। ताजा शाक-सब्जियां, फल, दाल-रोटी-चावल स्वास्थ्य के लिए गुणकारी हैं। उनसे सभी प्रकार के पौष्टिक तत्वों की भरपाई भी हो जाती है और ठीक से पकाए गए भोजन से सेहत पर भी आंच नहीं आती। कुछ अध्ययनों के मुताबिक देश में रेड मीट सहित मांसाहार की खपत दिनोंदिन बढ़ोतरी पर है। समय है कि हम अब भी चेत जाएं और अपनी जुबान का स्वाद भ्रष्ट न होने दें।

हेल्थ वॉच... डॉ. यतीश अग्रवाल

(लेखक वरिष्ठ चिकित्सक और प्राध्यापक हैं।) dryatish@yahoo.com

वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर आप अपनी खैरियत चाहते हैं तो बेहतरी इसी में है कि रेड मीट को तिलांजलि देकर शाकाहार के प्रति प्रेम पैदा करें।
<< Previous Headlines Next Headlines >>
 

No comments:

Post a Comment